Summer Express,भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर शनिवार सुबह एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते दो गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने पीछे से परिवार की कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
जानकारी के अनुसार ढिगावामंडी निवासी दो दंपत्ति और एक छोटी बच्ची शनिवार सुबह रोहतक की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार के बीच चल रहे पुराने विवाद को सुलझाने के लिए राजस्थान से भी कुछ रिश्तेदार उनके यहां आए हुए थे। इसी दौरान रास्ते में दो वाहनों में आए हमलावरों ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से जा भिड़ी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार पांचों लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं लोहारू थाना प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही है।