ऊना, राकेश -:कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। भुट्टो ने मुख्यमंत्री को “एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री” बताते हुए कहा कि उन्हें केवल अपने मित्रों को खुश करना आता है, जबकि जनता के मुद्दों से उनका कोई सरोकार नहीं है।
भुट्टो ने दावा किया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री सुक्खू जहां-जहां कांग्रेस के लिए प्रचार करने गए, उन सभी सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रही है और प्रदेश में केवल राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम किया जा रहा है।
पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने सनातन धर्म के सम्मान के लिए राज्यसभा चुनाव के दौरान अपनी विधायक की कुर्सी तक दांव पर लगाने का निर्णय लिया था और वह भविष्य में भी सनातन के लिए किसी भी त्याग के लिए तैयार हैं।भुट्टो ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ विभिन्न प्रकार की जांचें करवाईं, लेकिन उनमें कुछ भी गलत साबित नहीं हुआ। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि वह भी मुख्यमंत्री के खिलाफ दस्तावेज तैयार कर रहे हैं और समय आने पर सब कुछ सार्वजनिक करेंगे।