Summer express, करनाल | हरियाणा के करनाल जिले में सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने के दौरान लापरवाही भारी पड़ गई। सेक्टर-32 क्षेत्र में सड़क पर स्टंट करते समय तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे मौजूद एक बुजुर्ग महिला और एक बच्चा बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद कार में सवार युवक मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय तीन अलग-अलग कारों में सवार कुछ युवक सड़क पर तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे थे और मोबाइल से रील्स बना रहे थे। इन गाड़ियों में एक स्विफ्ट और दो वरना कार शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों राहुल, कुमार और विकास ने बताया कि युवक काफी देर से सड़क पर खतरनाक तरीके से गाड़ियां दौड़ा रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक वरना कार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार पहले सड़क किनारे खड़ी बुजुर्ग महिला की ओर बढ़ी और फिर पास खड़े बच्चे की तरफ मुड़ गई। हालांकि दोनों ने किसी तरह खुद को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद कार सड़क किनारे बनी एक झुग्गी से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि झुग्गी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार के कई हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद कार में सवार युवक तुरंत वहां से फरार हो गए। कार की जांच के दौरान अंदर से शराब की बोतलें भी मिलीं। लोगों के मुताबिक कार में बैठे युवक देखने में नाबालिग प्रतीत हो रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से सड़क पर स्टंट और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचने की अपील की है।