Summer Express, पानीपत | दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर तेज रफ्तार कार के ट्रक से टकराने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पानीपत के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक एक ही कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे।
मृतकों की पहचान पानीपत के जनक गार्डन बत्रा कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय राधेश्याम और गांव उटला निवासी 25 वर्षीय जरनैल सिंह के रूप में हुई है। वहीं हादसे में जसमेर कादियान, दीपक और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पांचों दोस्त सहारनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए रवाना हो गए। रात करीब डेढ़ बजे उनकी कार दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर नानौता से लगभग चार किलोमीटर पहले गंगनहर पुल के पास पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक फंस गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी और जंधेड़ी चौकी प्रभारी उपेंद्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नानौता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने राधेश्याम और जरनैल सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सहारनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में घायलों के परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पानीपत ले गए।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।