Summer Express, लाहौर | पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी और पांच बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात सरगोधा जिले के एक गांव में सोमवार तड़के हुई, जो लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद यासीन ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी, 15 साल की बेटी और एक से 12 वर्ष की उम्र के चार बेटों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी जान ले ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। साथ ही उसे यह भी संदेह था कि कुछ बच्चे उसके नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि वारदात के समय सभी परिजन घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने आधी रात को हमला कर पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने यह भी बताया कि वारदात के बाद उसने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें वह घायल हो गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, पाकिस्तान में ‘ऑनर किलिंग’ के नाम पर हर साल बड़ी संख्या में महिलाओं की हत्या की घटनाएं सामने आती हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं।