Summer express,चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से महेंद्रगढ़ और राजस्थान के साथ लगते हरियाणा के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा और कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 31 मार्च के दौरान नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होगा। इससे पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और एनसीआर में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 से 31 मार्च के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
पिछले दो सप्ताह से हरियाणा में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से दोपहर में बादलों की आवाजाही बढ़ रही है। बुधवार रात सिरसा और फतेहाबाद में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं वीरवार को महेंद्रगढ़ में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में वृद्धि और उमस महसूस की जा रही है। हिसार में दिन का तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने किसानों को चेताया है कि गेहूं की फसल को तेज हवाओं और बारिश से नुकसान होने का खतरा हो सकता है, इसलिए आवश्यक सावधानी बरतें।