Summer Express,सिरसा | हरियाणा किसान-मजदूर संघर्ष मोर्चा ने चंडीगढ़ में आयोजित सेमिनार में किसानों और मजदूरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और आगामी रणनीतियों का ऐलान किया। इस दौरान फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, एमएसपी गारंटी, किसानों की कर्ज माफी और बिजली संशोधन बिल 2025 सहित अन्य कानूनों को रद्द करवाने की मांगों पर जोर दिया गया।
सेमिनार में हरियाणा के विभिन्न जिलों से किसान और मजदूर शामिल हुए। प्रोफेसर मनजीत सिंह ने किसानों को फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के संभावित प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि यह समझौता किस प्रकार देश की खेती और किसान हितों को प्रभावित कर सकता है।
मोर्चा ने यह भी घोषणा की कि जुलाई महीने में हरियाणा भर में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से किसानों और मजदूरों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त को जींद में एक बड़ा किसान-मजदूर सम्मेलन (महापंचायत) आयोजित किया जाएगा, जिसमें एमएसपी गारंटी, कर्ज माफी और किसानों-मजदूरों से जुड़ी अन्य मांगों पर व्यापक चर्चा होगी।
इसके अतिरिक्त, मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें अमेरिका के साथ होने वाले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को रद्द करने और किसानों-मजदूरों के हित में अन्य कानूनी प्रावधान शामिल किए जाएंगे।
इस अवसर पर मोर्चा के नेता मनदीप सिंह नथवान, लखविंदर सिंह औलख, अमरजीत सिंह मोहड़ी, जगदीप सिंह औलख, प्रिंस वैड़च, सतीश चेयरमैन, दलबीर सिंह और अमृत सिंह बुग्गा मौजूद रहे।