25 June, 2025
पेरिस डायमंड लीग में जीत के चार दिन बाद भारत के जेवलिन थ्रो सुपरस्टार नीरज चोपड़ा ने एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को गोल्डन स्पाइक मीट में पहली बार भाग लेते हुए खिताब अपने नाम किया।उन्होंने 20 जून को पेरिस डायमंड लीग में जीत दर्ज की थी और अब विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर गोल्ड टूर्नामेंट में 85.29 मीटर का थ्रो कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
दक्षिण अफ्रीका के डाउ स्मिट ने 84.12 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान और ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स ने 83.63 मीटर के थ्रो के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।नीरज की शुरुआत फाउल से हुई थी, लेकिन उन्होंने दूसरे प्रयास में 83.45 मीटर का थ्रो कर वापसी की। तीसरे थ्रो में उन्होंने निर्णायक 85.29 मीटर का थ्रो किया, जिससे वह शीर्ष पर पहुंच गए। इसके बाद उनके थ्रो क्रमशः 82.17 मीटर, 81.01 मीटर, और अंतिम थ्रो फाउल रहा।
जर्मनी के थॉमस रोहलेर, जो 2016 रियो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता हैं, 79.18 मीटर के थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रहे। वहीं जर्मनी के जूलियन वेबर इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं हुए, जिससे नीरज को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था।पिछले दो सत्रों में नीरज फिटनेस के कारण इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सके थे। उनके कोच जान जेलेंजी ने इस टूर्नामेंट में नौ बार खिताब जीता है।
27 वर्षीय नीरज ने इस सत्र की शुरुआत मई में दोहा डायमंड लीग से की थी, जहां उन्होंने 90 मीटर की बाधा पार करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था। उसके बाद उन्होंने पेरिस डायमंड लीग में खिताब जीता।नीरज चोपड़ा 2018 में आईएएएफ कांटिनेंटल कप में एशिया-पैसिफिक टीम का हिस्सा थे और उन्होंने 80.24 मीटर के थ्रो के साथ छठा स्थान हासिल किया था।
अब अगला पड़ाव नीरज चोपड़ा क्लासिक, जो 5 जुलाई को बेंगलुरु में आयोजित होगा। इसमें एंडरसन पीटर्स और थॉमस रोहलेर भी भाग लेंगे।