Summer Express,शिमला |हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 3 अप्रैल तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 मार्च को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 31 मार्च और 1 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं, हालांकि इस अवधि के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
2 और 3 अप्रैल को एक बार फिर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
शनिवार को शिमला, मनाली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाए रहे, जबकि कुछ निचले क्षेत्रों में धूप भी देखने को मिली। मौसम के इस बदलाव का असर कृषि और बागवानी पर भी पड़ सकता है। खासकर गेहूं, सरसों और बागवानी फसलों को बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही किसानों और बागवानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय करने को कहा गया है।