Summer Express,राई (सोनीपत)। सोनीपत जिले के कुंडली नगर पालिका क्षेत्र में ग्राम देवता स्थल और तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। नगर पालिका प्रशासन लगातार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दादा भैया ग्राम देवता स्थल और तालाब राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पास स्थित हैं और इनके साथ वन विभाग की भूमि भी जुड़ी हुई है। इस पूरे क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जों की समस्या बनी हुई है, जिससे सौंदर्यीकरण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। कुंडली नगर पालिका द्वारा कई बार नोटिस जारी कर कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
करीब साढ़े तीन हजार गज भूमि पर अवैध रूप से आरा मशीन संचालित कर रहे सतबीर नामक व्यक्ति ने नगर पालिका की कार्रवाई का विरोध किया था। उन्होंने नोटिस को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने पालिका सचिव को निर्देश दिए कि संबंधित व्यक्ति का पक्ष सुनकर उचित निर्णय लिया जाए।
कोर्ट ने मामले में आगे की जांच और प्रक्रिया के लिए 10 दिन का समय भी दिया है। इस अवधि में फिलहाल कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी। सोमवार को पालिका कार्यालय में इस मामले की दोबारा सुनवाई होगी।
पालिका सचिव पवित्र गुलिया के अनुसार, जांच में सामने आया है कि संबंधित भूमि पर वर्ष 1990 के आसपास तहसील स्तर पर कथित तौर पर मिलीभगत के जरिए गिरदावरी और हिस्सेदारी में नाम दर्ज कराया गया था। इससे पहले यह भूमि वन विभाग या पंचायत की मानी जाती थी। बाद में कुंडली क्षेत्र के नगर पालिका में शामिल होने के बाद यह जमीन नगर पालिका के अधीन आ गई।
प्रशासन अब हाईकोर्ट के निर्देशों और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। सोमवार के बाद इस मामले में अगला कदम उठाया जाएगा।