Summer express,चरखी दादरी। शहर के कबीर नगर क्षेत्र में एक महिला अपने तीन बच्चों को घर पर छोड़कर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कबीर नगर निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हिसार के मिल गेट क्षेत्र निवासी युवती से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। पीड़ित ने बताया की सुबह करीब 11 बजे उसकी 33 वर्षीय पत्नी बिना किसी को बताए घर से चली गई।
जब वह घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। इसके बाद उसने आसपास और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लगातार प्रयासों के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।
पीड़ित पति ने पुलिस से पत्नी को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और महिला की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि महिला के लापता होने के कारणों का पता लगाया जा सके और उसे सुरक्षित बरामद किया जा सके।