Summer Express, गुरदासपुर | गुरदासपुर के कस्बा पुराना शाला से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां अमेरिका में रह रहे 35 वर्षीय युवक चरणजीत सिंह उर्फ रिंकू की दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई। इस घटना के बाद उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और विशेष रूप से उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, चरणजीत सिंह करीब दो साल पहले अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अमेरिका गए थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि 27 मार्च को नहाते समय उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके कारण उनकी मौके पर ही बाथरूम में मौत हो गई।
इस दुखद समाचार के मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उनकी मां की इच्छा थी कि बेटे के पार्थिव शरीर को भारत लाया जाए, लेकिन मृतक की पत्नी की इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार अमेरिका में ही किया जा रहा है। इस कारण मां अपने बेटे के अंतिम दर्शन भी नहीं कर सकेंगी, जिससे उनका दर्द और गहरा हो गया है।
मृतक के परिवार के अनुसार, चरणजीत सिंह के पिता का निधन तब हो गया था जब वह मात्र एक वर्ष के थे। इसके बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उन्हें पाल-पोसकर बड़ा किया। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ही उन्होंने विदेश जाने का निर्णय लिया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
मृतक की आत्मा की शांति के लिए 5 अप्रैल को गुरुद्वारा सिंह सभा, पुराना शाला में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग और अंतिम अरदास रखी गई है। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और सामाजिक प्रतिनिधि परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने देश-विदेश में बसे लोगों से अपील की है कि इस कठिन समय में परिवार को हिम्मत और सहारा दिया जाए।