मोहाली | साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में स्मार्ट राशन कार्ड योजना के तहत गेहूं ले रहे लाभार्थियों के लिए एक अहम निर्देश जारी किया गया है। अब सभी कार्डधारकों को अपने परिवार के हर सदस्य की ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। राहत की बात यह है कि यह प्रक्रिया अब घर बैठे भी पूरी की जा सकती है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक डॉ. नवरीत ने जानकारी देते हुए बताया कि ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 30 जून 2025 निर्धारित की गई है। यदि तय समय तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो संबंधित लाभार्थी को मुफ्त राशन का लाभ मिलना बंद हो सकता है।
घर बैठे करें ई-केवाईसी
सरकार ने ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल एप के माध्यम से यह प्रक्रिया और भी आसान बना दी है। अब लाभार्थी अपने स्मार्टफोन से फेस रिकग्निशन के माध्यम से खुद और अपने सभी पारिवारिक सदस्यों की ई-केवाईसी घर बैठे पूरी कर सकते हैं।
लाभार्थियों से अपील
डॉ. नवरीत ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि राशन वितरण में कोई बाधा न आए।