Summer Express,पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और असंतोष एक बार फिर सामने आया है। पार्टी की अनुशासन समिति ने विधायक चंद्रमोहन की शिकायत के आधार पर नगर निगम की पूर्व प्रत्याशी उपिंद्र कौर आहलूवालिया, उनके पति सहित चार नेताओं को नोटिस जारी किया है और सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक चंद्रमोहन ने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व को कुछ नेताओं के खिलाफ शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इन लोगों ने चुनाव के दौरान उनके खिलाफ कार्य किया था, जिस पर कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि अब नगर निगम चुनाव से ठीक पहले लगभग डेढ़ साल बाद इन मामलों को लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि पंचकूला नगर निगम चुनाव को देखते हुए संभावित प्रत्याशियों की सूची में रविंद्र रावल, सुधा भारद्वाज और उपिंद्र कौर आहलूवालिया जैसे नाम शामिल रहे हैं। ऐसे में नोटिस जारी होने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और अधिक गर्मा गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, उपिंद्र कौर आहलूवालिया और उनके पति धनेंद्र वालिया को नोटिस भेजा गया है। धनेंद्र वालिया वर्ष 2020 में कांग्रेस की ओर से पंचकूला नगर निगम मेयर पद के उम्मीदवार रह चुके हैं। इसके अलावा रविंद्र रावल और उनके भाई नरेश रावल को भी अनुशासन समिति ने नोटिस जारी किया है। रविंद्र रावल नगर परिषद पंचकूला के चेयरमैन रह चुके हैं और पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
नोटिस मिलने के बाद रविंद्र रावल ने कहा कि वे पार्टी के प्रति पूरी तरह निष्ठावान हैं और अनुशासन समिति के नोटिस का जवाब देंगे। वहीं धनेंद्र वालिया ने इस मामले पर फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है और कहा है कि नोटिस के जवाब पर विचार किया जाएगा।