Summer express, सिरसा। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों को लेकर उपभोक्ताओं से अधिक वसूली के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए एक गैस एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। यह कार्रवाई जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक (डीएफएससी) के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, डीएफएससी हरवीर सिंह की ओर से पुलिस अधीक्षक को भेजे गए पत्र में बताया गया कि विभाग की टीम ने सिरसा स्थित भूपेन्द्रा गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान टीम को अनियमितताएं मिलीं, जिसमें गोदाम से सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं से भी होम डिलीवरी चार्ज वसूले जाने का मामला सामने आया।
जांच में पाया गया कि गोदाम से गैस सिलेंडर लेने पर निर्धारित मूल्य 907 रुपये है, जबकि होम डिलीवरी के लिए 943 रुपये तय हैं। इसके बावजूद एजेंसी का कर्मचारी गोदाम से स्वयं सिलेंडर लेने आए उपभोक्ताओं से भी 943 रुपये की मांग कर रहा था, जो नियमों के विरुद्ध पाया गया।
निरीक्षण के दौरान गांव किराडकोट निवासी उपभोक्ता सुखदेव सिंह से भी 943 रुपये मांगे गए। मौके पर मौजूद डीएफएससी द्वारा पूछताछ किए जाने पर कर्मचारी ने उपभोक्ता को 36 रुपये वापस कर दिए, लेकिन अधिक राशि वसूले जाने को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद एजेंसी संचालक भूपेन्द्र से भी पूछताछ की गई, लेकिन वह भी इस मामले में स्पष्ट जवाब देने में असमर्थ रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।