Summer express,गुरुग्राम। पालम विहार थाना क्षेत्र में कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर यू-टर्न लेते समय एक अमेज कार को तेज रफ्तार सिटी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चला रहे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपते हुए सिटी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सेक्टर-41 स्थित लासम-2 सोसाइटी निवासी 21 वर्षीय संभव निगम के रूप में हुई है। वह अपनी अमेज कार से पालम विहार में रहने वाले दोस्त से मिलने गए थे। वापस लौटते समय जब वह कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर सीएनजी पंप के पास यू-टर्न ले रहे थे, तभी गुरुग्राम की ओर से आ रही सिटी बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस की विंडशील्ड भी टूट गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल संभव को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार शाम उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बस की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही इस हादसे का कारण बनी। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में संबंधित डिपो से बस चालक का रिकॉर्ड मंगवाया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार संभव एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और उनके पिता अमित निगम व्यापारी हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।