Summer express, मानेसर (गुरुग्राम)| आईएमटी मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में न्यूनतम वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों और प्रबंधन के बीच तनाव बृहस्पतिवार को गंभीर हो गया। प्रदेश सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन को लेकर असंतोष जताते हुए श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो धीरे-धीरे उग्र रूप ले गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस की एक बाइक में आग लगा दी, जबकि एक औद्योगिक प्लांट पर पत्थरबाजी की घटना भी सामने आई।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत क्षेत्र में भीड़ एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-4 स्थित रिचा ग्लोबल प्लांट के गेट पर हड़ताल कर रहे सैकड़ों कर्मचारियों को पुलिस ने घेर लिया। वहीं बाहर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने कुर्सियों और बेंचों में आग लगाकर विरोध जताया। दमकल विभाग की टीम को मौके पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी आगजनी की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के तहत क्षेत्र में 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर आने पर भी प्रतिबंध रहेगा। सड़कों को अवरुद्ध करने और यातायात बाधित करने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। यह आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेंगे।
श्रमिकों का कहना है कि लंबे समय से न्यूनतम वेतन में संशोधन नहीं किया गया है, जिससे उनका जीवन यापन कठिन हो गया है। उनका तर्क है कि मौजूदा वेतन महंगाई के मुकाबले बेहद कम है और इसे बढ़ाकर कम से कम 26 हजार रुपये किया जाना चाहिए।