Summer express, मोगा | मोगा जिले के बाघापुराना क्षेत्र में पुलिस ने एक स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अवैध देह व्यापार का खुलासा किया है। बाघापुराना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गोल्डन स्पा सेंटर पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापे के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के अलग-अलग कमरों में संदिग्ध गतिविधियां चलती हुई मिलीं। इसके बाद मौके से स्पा सेंटर के मालिक सतनाम सिंह (पुत्र भाग सिंह, निवासी पंजगराई कला, फरीदकोट), लवप्रीत सिंह (पुत्र केवल सिंह, निवासी लंडे) सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है, जिससे अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई। इसके अलावा चार मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
इस मामले में थाना बाघापुराना में अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम, 1956 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि क्षेत्र में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।