धर्मशाला , राहुल-:धर्मशाला के नजदीक सुधेड़-अखनखोला मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग अब तीसरी बार टेंडर प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इससे पहले दो बार टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि किसी भी ठेकेदार ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में क्षेत्र के लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है और विभाग पर जल्द समाधान निकालने का दबाव भी बढ़ गया है।
यह पुलिया शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और पिछले साल बरसात के दौरान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। वर्तमान में ग्रामीणों ने अस्थायी तौर पर लोहे के गार्डरों की मदद से इसे संभाल रखा है, जिससे किसी तरह आवाजाही जारी है। हालांकि, यह व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित नहीं है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।सुधेड़-अखनखोला मार्ग का महत्व इस वजह से भी अधिक है क्योंकि यह चड़ी से आने वाले वाहनों के लिए मैक्लोडगंज जाने का एक प्रमुख शॉर्टकट मार्ग है। खासकर पर्यटन सीजन में इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। पिछले दिनों जब धर्मशाला बाईपास भूस्खलन के कारण बंद हो गया था, तब इस मार्ग ने वैकल्पिक रास्ते के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। यही कारण है कि स्थानीय लोग इसे मैक्लोडगंज से जोड़ने वाली ‘लाइफलाइन’ मानते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया अब तक तीन बार की बरसात झेल चुकी है, लेकिन इसकी स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। उन्हें आशंका है कि आगामी बरसात में यह पुलिया पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है, जिससे संपर्क पूरी तरह टूट सकता है।
लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर ई. विकास सूद ने बताया कि इस सड़क पर ड्रास्टिक सेटलमेंट की समस्या भी सामने आई है, जिसके समाधान के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। पीडीएनए के तहत फंड भी स्वीकृत हो चुके हैं और सड़क के संरक्षण के लिए डंगे व क्रेटवॉल का कार्य करीब 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है।उन्होंने कहा कि पुलिया निर्माण के लिए पहले दो बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन ठेकेदारों की ओर से कोई भागीदारी नहीं हुई। अब विभाग ने टेंडर को पुनः जारी करने का निर्णय लिया है और प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।