Summer express,सोनीपत | सोनीपत जिले के गांव बिधल में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा अपनी पत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ सीधे खेतों में पहुंच गए और किसानों के साथ फसल कटाई (लामणी) में हिस्सा लिया। मंत्री दंपति ने खेत में काम कर रही महिला मजदूरों के साथ मिलकर गेहूं की कटाई की और ग्रामीण जीवन से जुड़ाव का संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के तहत सोनीपत के सलारपुर माजरा गांव में आयोजित कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हाल ही में हुई आंधी और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए अचानक अपना काफिला गांव बिधल की ओर मोड़ दिया। यहां वे सीधे किसान अजीत के खेत में पहुंचे।
खेत में उस समय मजदूर महिलाएं पुष्पा और पूनम फसल की कटाई कर रही थीं। मंत्री ने न केवल खेत में जाकर कार्य का निरीक्षण किया, बल्कि खुद भी उनके साथ लामणी कर कृषि कार्य में भागीदारी की। इसके बाद मंत्री दंपति ने किसान परिवार के साथ खेत किनारे बैठकर भोजन भी किया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मिट्टी से जुड़ाव ही असली मेहनत और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खेत, किसान और हरियाणा से प्रेम करता है, उसके लिए खेत में उतरकर काम करना एक सहज भाव बन जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोनों ही किसान परिवारों से जुड़े हैं और सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि मंडियों में गेहूं की खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी किसान को परेशानी न हो।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि हर एक दाना गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जाएगा और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाया जाएगा।