Summer Express,भिवानी | हरियाणा के भिवानी में एक चार वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। बच्चा रात को अपनी मां के साथ सोया था, लेकिन सुबह वह अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे की मां नेहा का कहना है कि रात को विहान पूरी तरह स्वस्थ था और सुबह अचानक उसके शरीर में कोई हलचल नहीं दिखी। उन्होंने बताया कि बच्चे के हाथ और होंठ नीले पड़ चुके थे। घबराकर उन्होंने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना ने परिवार के पुराने विवादों को फिर से उजागर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, 2018 में हिसार निवासी अंशुल और भिवानी की नेहा ने प्रेम विवाह किया था। दंपती का एक बेटा विहान था, लेकिन पिछले दो वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट तक पहुंच चुका था। नेहा पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थी और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हुए हैं।
बच्चे के पिता अंशुल ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नेहा के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हैं और उसने बच्चे की हत्या की है। अंशुल का यह भी कहना है कि सुबह उसे फोन कर बच्चे की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई, लेकिन बाद में संदिग्ध परिस्थितियां सामने आईं, जिससे शक और गहरा गया।
वहीं, नेहा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अंशुल पहले भी उसे और बच्चे को जान से मारने की धमकी दे चुका है। दोनों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण कस्टडी को लेकर भी संघर्ष चल रहा था।
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।