Summer Express,हिसार | हिसार नेशनल हाईवे पर मायड़ टोल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने खड़ी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आगे खड़ा ऑटो भी चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार ऑटो में सवार होकर धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहा था और मायड़ टोल के पास चाय पीने के लिए रुका था। इसी दौरान पीछे से आकर एक कार भी रुकी, जिसके यात्री चाय पीने के लिए वाहन से उतर गए। तभी दिल्ली की ओर से तेज गति में आ रही ब्रेजा कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और खड़ी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कार आगे खड़े ऑटो से जा भिड़ी।
इस दर्दनाक हादसे में ऑटो में सवार महिला कमलेश की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कार सवार सोनीपत निवासी सतीश ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, मनोज और अतुल के हाथ-पांव टूट गए हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। दो घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी सोनू ने बताया कि वे गांव मुंडाल में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर ऑटो से हिसार लौट रहे थे। रास्ते में चाय पीने के लिए उन्होंने टोल के पास वाहन रोका था। उसी दौरान यह हादसा हुआ। सोनू के अनुसार, टक्कर इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।