Summer Express,देहरादून | हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक लाइव शो के दौरान मंच से अभद्र भाषा और गालियों के इस्तेमाल के मामले में विवादों में आ गए हैं। यह घटना देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह कार्रवाई सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत पर डोईवाला थाने में की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इसके बाद सिंगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिनमें अश्लील कृत्य, शांति भंग करना, महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाना और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं शामिल हैं।
देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, जांच के बाद मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह मामला अब केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हरियाणा महिला आयोग ने भी इस पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने सिंगर को 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही भिवानी के बहल थाने में भी उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें सोशल मीडिया से कथित अश्लील वीडियो हटाने की मांग की गई है।
विवाद बढ़ने पर मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई दी और माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि शो के दौरान वे मानसिक तनाव में थे क्योंकि एक व्यक्ति द्वारा धमकी मिलने और उनके परिवार को खतरे की स्थिति के कारण वे भावनात्मक रूप से प्रभावित थे, जिसके चलते मंच से उनके मुंह से गलत शब्द निकल गए।