Summer Express, नई दिल्ली | कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने बड़ा आदेश जारी करते हुए I-PAC के सह-संस्थापक और निदेशक विनेश चंदेल को 10 दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार देर शाम पूछताछ के बाद विनेश चंदेल को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 10 दिन की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
यह मामला वर्ष 2020 में दर्ज सीबीआई एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल क्षेत्र में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी और अवैध तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस कथित नेटवर्क से जुड़े एक हवाला ऑपरेटर के जरिए करोड़ों रुपये I-PAC से संबंधित कंपनी इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड तक पहुंचाए गए थे। इसी वित्तीय लेनदेन की कड़ी की जांच अब आगे बढ़ाई जा रही है।