होशियारपुर | जिले के कस्बा हरियाणा में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। देर रात करीब 2:30 बजे एक गौशाला की छत अचानक गिर गई, जिससे अंदर मौजूद करीब 35 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त गौशाला में कुल 42 गायें मौजूद थीं। छत गिरने के बाद अधिकांश मवेशी मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और समाजसेवी संस्थाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
राहत कार्य जारी, JCB से हटाया जा रहा मलबा
राहत अभियान के तहत JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक करीब 35 गायों के मृत शव निकाले जा चुके हैं, वहीं कुछ घायल गायों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्रशासन की ओर से हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छत गिरने की वजह क्या रही।