Summer express,कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र के प्रेम नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक पारिवारिक त्रासदी सामने आई है, जहां पति-पत्नी ने अपनी तीन वर्षीय बीमार बच्ची के साथ आत्महत्या कर ली। तीनों के शव घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटके हुए मिले।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक जितेंद्र द्वारा भेजा गया एक टेक्स्ट मैसेज उसके एक रिश्तेदार के मोबाइल पर पहुंचा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर कृष्ण गेट थाना प्रभारी बलजीत सिंह और डीएसपी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो करीब 32 वर्षीय जितेंद्र, उसकी 30 वर्षीय पत्नी युक्ता और उनकी तीन वर्षीय बेटी माधवी के शव फंदे से लटके मिले।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जितेंद्र अंबाला के पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था, जबकि उसकी पत्नी गृहिणी थी। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी पैरालिसिस से पीड़ित थी, जिससे परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी परेशानी के चलते दंपती ने यह कदम उठाया।
जितेंद्र मूल रूप से करनाल जिले के सीकरी गांव का निवासी था और पिछले करीब 15 वर्षों से प्रेम नगर में रह रहा था। उसके पिता महेंद्र सिंह पंजाब पुलिस में थाना प्रभारी रह चुके थे, जिनका कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार का एक सदस्य विदेश में भी रह रहा है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।