Summer express, लुधियाना | लुधियाना के सिविल अस्पताल में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मेडिकल जांच के लिए पहुंचे दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और धारदार हथियारों का इस्तेमाल होने लगा, जिसके बाद फायरिंग भी हुई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैरों में गोलियां लगीं। घायल को तुरंत डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इससे पहले जवाहर नगर कैंप इलाके में देर रात करीब 1 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान भी दोनों ओर से ईंट-पत्थर चले और कई युवक घायल हुए। घायलों में से कुछ युवक मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे, जहां दूसरा पक्ष भी पहुंच गया और विवाद फिर भड़क उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल परिसर के भीतर भी जमकर हंगामा हुआ और दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। जान बचाने के लिए भाग रहे युवकों का पीछा करते हुए दूसरे पक्ष ने अस्पताल के बाहर गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान करीब चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें धरमिंदर नामक युवक को तीन गोलियां लगीं, जबकि एक गोली निशाना चूक गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस और एसीपी सेंट्रल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हिंसक घटना में कुल चार लोगों के घायल होने की सूचना है।