Summer express, सिरसा | हरियाणा-राजस्थान सीमा से सटे सिरसा जिले के गांव खेड़ी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत की ढाणी में पाकिस्तान के प्रतीक और ‘PIA’ लिखा हुआ संदिग्ध गुब्बारा गिरा मिला। गुब्बारा मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गांव खेड़ी निवासी जयवीर सिंह शर्मा ने अपनी ढाणी में सुबह यह गुब्बारा देखा, जो विमान के आकार में बना हुआ था। गुब्बारा सफेद और हरे रंग का था और उस पर ‘PIA’, पाकिस्तान का नाम तथा चांद-सितारे का प्रतीक भी अंकित था। संदिग्ध प्रतीकों को देखकर उन्होंने तुरंत कागदाना पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। पुलिस ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु मौजूद न हो।
चौकी प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि गुब्बारा हल्के पदार्थ से बना है और संभवतः हवा के बहाव के कारण किसी अन्य स्थान से उड़कर यहां पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गुब्बारे पर ‘PIA’ और अन्य निशान जरूर हैं, लेकिन फिलहाल किसी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
हालांकि, सुरक्षा दृष्टि से पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी है। गुब्बारे के स्रोत और इसके यहां तक पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल जरूर बना, लेकिन पुलिस की जांच के बाद स्थिति सामान्य हो गई है।