27 June, 2025
पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ इन दिनों विवादों के केंद्र में हैं। एक ओर जहां उनकी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर विरोध जारी है, वहीं अब आने वाली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग पर भी बवाल मच गया है।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉयीज (FWICE) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पुणे स्थित नेशनल डिफेंस अकैडमी (NDA) में चल रही बॉर्डर 2 की शूटिंग को रोकने की मांग की है। फेडरेशन ने इसे भारतीय सेना के सम्मान के खिलाफ बताया है, खासतौर पर ऐसे समय में जब फिल्म में एक ऐसा कलाकार शामिल है जिसे लेकर देश में आक्रोश है।
FWICE का आरोप है कि दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ काम कर देशवासियों की भावनाएं आहत की हैं, खासकर पहलगाम आतंकी हमले के तुरंत बाद। इसके चलते फेडरेशन ने न केवल शूटिंग रुकवाने बल्कि दिलजीत को फिल्म से हटाने की मांग की है।
AICWA (All India Cine Workers Association) ने भी दिलजीत की फिल्मों और गानों को भारत में बैन करने की मांग की है।मेकर्स ने सफाई दी है कि हानिया आमिर के साथ शूटिंग हमले से पहले पूरी हो चुकी थी, लेकिन फिल्म के पाकिस्तान में रिलीज की खबर से विरोध और तेज हो गया है।इस पूरे घटनाक्रम से दिलजीत दोसांझ का करियर एक नए संकट में घिरता नजर आ रहा है। अगर विवाद और बढ़ता है तो ‘बॉर्डर 2’ समेत उनके अन्य प्रोजेक्ट्स पर भी असर पड़ सकता है।