Summer express, सुन्दर कुंडू, पलवल | पलवल में आभूषण विक्रेता के साथ हुई लूट की वारदात के बाद हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शहर के मुख्य बाजार का दौरा किया और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से सीधे बातचीत कर उनकी सुरक्षा, बाजार व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया।
मंत्री के दौरे के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया और हालिया लूट की घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन का आभार भी जताया। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मीडिया से बातचीत में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल जिले में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जबकि शहर में लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना पर काम जारी है। इसके अलावा 25 करोड़ रुपये की लागत से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का नवीनीकरण किया जा रहा है और 100 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि आगरा चौक और हुड्डा चौक का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और आने वाले समय में पूरे शहर को आधुनिक और सुंदर स्वरूप देने की योजना है।
व्यापारियों से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि बाजारों में अतिक्रमण से बचना जरूरी है, ताकि ग्राहकों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और व्यापार में वृद्धि हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण मुक्त बाजार से ही आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी।
हाईकोर्ट के आदेश पर ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया है, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा, पुलिस उसी की भाषा में जवाब देगी।