Summer express, फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव ढाणी भोजराज में अंतर्जातीय विवाह को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो गुटों के बीच हुए टकराव में तेजधार हथियारों और लाठी-डंडों का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए भूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों को एक दुकान में घुसकर व्यक्ति पर गंडासे से हमला करते देखा जा सकता है। वीडियो में दुकानदार राजेश अपनी जान बचाने के लिए सामान और कुर्सियों का सहारा लेते नजर आ रहा है। हमले के दौरान दुकान में रखा सामान और तौलने की मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ एक अंतर्जातीय प्रेम विवाह है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष एक युवक ने गांव की युवती से शादी की थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस विवाह के बाद उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया गया और उन्हें गांव छोड़कर दूसरे शहर में रहना पड़ा।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। एक पक्ष का कहना है कि उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि विवाद बच्चों के बीच हुआ था और वे केवल बीच-बचाव के लिए पहुंचे थे।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एक पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सिरसा-चंडीगढ़ राज्य राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।