मंडी , धर्मवीर- पूर्व सैनिकों द्वारा महिला कंडक्टर के साथ बहसबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह वीडियो मंडी से पैड़ी रूट पर चलने वाली निगम की बस का है। वीडियो में कुछ पूर्व सैनिक अपनी निशुल्क यात्रा को लेकर महिला कंडक्टर मीनू शर्मा के साथ बहसबाजी और कुछ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुनाई और दिखाई दे रहे हैं।
इस संदर्भ में कंडक्टर मीनू उर्फ देवकी शर्मा ने सदर थाना को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की मांग उठाई है। मीनू शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे पूर्व सैनिकों और सैनिकों का सम्मान करती हैं और उस दौरान सिर्फ अपनी डयूटी कर रही थी। जो सरकार के निर्देश हैं उन्हीं के तहत हिम बस पास मांगा गया था जिस कारण पूर्व सैनिकों ने अभद्रता की। उन्होंने कहा कि अगर उनके स्थान पर कोई पुरूष कंडक्टर होता तो वह हाथापाई भी कर सकते थे। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है।
इस मौके पर स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के उप प्रधान नवीन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने निगम की बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ लेने वाले सभी वर्गों के लिए हिम बस पास अनिवार्य कर दिया है। जिन्हें भी निशुल्क बस पास यात्रा की सुविधा मिलती है उन्हें हिम बस पास बनाना होगा। इस पास के आधार पर ही निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेती है। डयूटी कर रहे कंडक्टरों के साथ इस प्रकार की कृत्य किसी को भी शोभा नहीं देता। वहीं, स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के मीडिया प्रभारी ललित राजपूत ने कहा कि अगर एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होती है तो फिर मंडी-पैड़ी रूट को बंद करके धरना प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। इस मौके पर स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के उपाध्यक्ष संजीव कुमार, मंडी क्षेत्र के प्रधान रूप लाल नेगी और महासचिव केशव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कंडक्टर भी मौजूद रहे।