मुंबई | मुंबई के अंधेरी इलाके में रहने वाली 42 वर्षीय अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की अचानक हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। देर रात अस्पताल पहुंचाई गई शेफाली को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद से यह मामला एक रहस्यमयी गुत्थी बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 1 बजे शेफाली को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भिजवा दिया है, जहां मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि शेफाली को रात करीब 10:30 बजे अचेत अवस्था में देखा गया था। घटना के कुछ घंटों के अंतराल में क्या हुआ, यह फिलहाल एक बड़ा सवाल बना हुआ है। पुलिस इस समय अवधि की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
घटनास्थल से पुलिस ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। वहीं, घर में कार्यरत स्टाफ — जैसे कुक और मेड से पूछताछ की जा चुकी है। इस बीच, शेफाली के पति पराग त्यागी को सुबह पालतू कुत्ते के साथ टहलते हुए देखा गया, लेकिन कैमरों की मौजूदगी भांपते ही वह तेजी से वहां से हट गए। पुलिस उनके व्यवहार की भी जांच कर रही है।
अभिनेत्री की अचानक मौत से मनोरंजन जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है। गायक मीका सिंह, अभिनेता अली गोनी और सिंगर राहुल वैद्य सहित कई सितारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। फैंस भी सोशल मीडिया पर उनकी आखिरी पोस्ट साझा करते हुए उन्हें याद कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत का कारण प्राकृतिक था या किसी संदिग्ध परिस्थिति का नतीजा। फिलहाल मामले की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच की जा रही है।