चंडीगढ़ | पंजाब सरकार ने जेलों में चल रहे भ्रष्टाचार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 जेल अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कदम सरकार को मिली पुख्ता जानकारियों के आधार पर उठाया गया है, जिसमें जेलों के भीतर नशे की आपूर्ति और अधिकारियों की संलिप्तता की पुष्टि हुई थी।
सूत्रों के अनुसार निलंबित अधिकारियों में तीन डिप्टी सुपरिटेंडेंट और दो असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट भी शामिल हैं। भगवंत मान सरकार ने जेल प्रशासन में पारदर्शिता लाने और अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के लिए यह सख्त निर्णय लिया है।
इस कार्रवाई को सरकार की उस नीति के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है, जिसके तहत जेलों को सुधार गृह के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का मानना है कि जेलों के भीतर फैले भ्रष्टाचार और नशा तस्करी के संगठित तंत्र को खत्म करना बेहद ज़रूरी है।
फिलहाल निलंबित अधिकारियों के खिलाफ विस्तृत जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाइयों में अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों को भी चिह्नित किया जा सकता है।