लुधियाना | शहर के दुगरी स्थित बसंत एवेन्यू क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुछ अज्ञात युवकों ने धारदार हथियारों से एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फतेहगढ़ जट्टां कूमकलां निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। वह अपने फार्महाउस से लौटते समय बसंत एवेन्यू के पास हमलावरों का निशाना बना। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने फिल्मी अंदाज़ में पहले कुलदीप की कार को घेरा, फिर पीछे से एक कार ने टक्कर मारी। जैसे ही कुलदीप अपनी गाड़ी से नीचे उतरा, हथियारबंद युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
मौके से पुलिस ने कुलदीप की कार, उसका लाइसेंसी रिवॉल्वर और नकदी बरामद कर ली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले से पहले दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने कुलदीप की कार के आगे बाइक लगाकर उसे रोका था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड को किसी पुरानी रंजिश का परिणाम मान रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक कुलदीप सिंह, पूर्व विधायक स्वर्गीय जगदेव सिंह तलवंडी के निजी सहायक (PA) भी रह चुके थे। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और उनके ठिकानों की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।