Summer express, कांगड़ा , संजीव | नूरपुर के मिनी सचिवालय में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की खराब हालत को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अरुण शर्मा ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नगर परिषद को तुरंत सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मिनी सचिवालय परिसर में आम लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय पिछले काफी समय से गंदगी और अव्यवस्था का शिकार थे। यहां आने वाले लोगों को तेज बदबू, गंदे फर्श और अस्वच्छ माहौल का सामना करना पड़ रहा था। इससे न केवल लोगों को असुविधा हो रही थी, बल्कि स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर पड़ने का खतरा बढ़ गया था। कई बार शिकायतें दर्ज होने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने खुद हस्तक्षेप किया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही नगर परिषद को नियमित सफाई और जरूरी मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसडीएम ने चेतावनी दी है कि तय समय में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अब सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार देखने को मिलेगा।