Summer express,फरीदाबाद। सेक्टर-29 इलाके में एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने मामूली विवाद के चलते 75 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़िता की पहचान रेखा तुली (75) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक वकील की बेटी ने गुस्से में आकर बुजुर्ग महिला को कई थप्पड़ मारे। हमले के दौरान महिला संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत पानी की पाइपलाइन को लेकर हुई थी। पाइपलाइन फटने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो बढ़कर मारपीट में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवती पहले भी विवादों में शामिल रही है और इसकी शिकायत पुलिस में की जा चुकी है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पूर्व में दी गई शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पुष्टि के लिए CCTV फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।