Summer express, सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक कथित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। बिना वैध डिग्री, रजिस्ट्रेशन और अनुमति के यह अस्पताल लंबे समय से संचालित किया जा रहा था, जहां अनट्रेंड स्टाफ के भरोसे मरीजों का इलाज किया जा रहा था।
शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने दिल्ली चौक स्थित बाल्मीकि मंदिर के पास पीसी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर भर्ती मरीज, दवाइयां और लैब संचालन जैसी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे स्पष्ट हुआ कि अस्पताल पूरी तरह अवैध तरीके से चलाया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि इस अस्पताल का संचालन गांव पाई निवासी अनिल कर रहा था, जिसने केवल 12वीं के बाद जीएनएम (नर्सिंग) कोर्स किया हुआ है। उसके पास अस्पताल चलाने के लिए न तो कोई मान्य डिग्री थी और न ही आवश्यक लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन।
छापेमारी के दौरान एक महिला मरीज को सांस की बीमारी के चलते भर्ती पाया गया, जबकि अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं था। मरीजों का इलाज अनट्रेंड कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा था, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में एक लैब भी संचालित की जा रही थी, जहां विभिन्न जांच की जा रही थीं। जांच में पता चला कि लैब को एक अन्य व्यक्ति के लाइसेंस का दुरुपयोग कर चलाया जा रहा था। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के पास भी कोई मान्यता प्राप्त चिकित्सा योग्यता नहीं मिली।
टीम को यह भी पता चला कि बिना अनुमति दवाइयों का भंडारण किया गया था और मरीजों से इलाज के दौरान ही दवाइयों और फीस के नाम पर वसूली की जा रही थी। यह पूरा कार्य बिना किसी नियम-कानून के किया जा रहा था, जिससे मरीजों की जान को खतरा बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि यह अस्पताल वर्ष 2021 से करीब 40 हजार रुपये मासिक किराए पर ली गई इमारत में संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के बाद पुलिस को सूचना दे दी गई है और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही अस्पताल को सील करने और दवाइयों सहित अन्य सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने इस तरह के अवैध इलाज को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि अनट्रेंड स्टाफ द्वारा इलाज किए जाने से मरीजों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।