Summer express, अंबाला | नेशनल हाईवे-152 (अंबाला-हिसार मार्ग) पर जमींदारा ढाबा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एनआरआई युवक साहिल कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खरीडवा निवासी साहिल कुमार अपने मित्र अंकित के साथ देर रात कार से पिहोवा से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने साहिल कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित का उपचार जारी है।
मृतक साहिल कुमार हाल ही में न्यूजीलैंड से अपने परिवार के बुलावे पर सगाई के लिए भारत आया था। विदेश आने-जाने की परेशानी को देखते हुए परिवार ने 19 अप्रैल को उसकी शादी कर दी थी। शादी के महज 12 दिन बाद ही इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
साहिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और वह इसी सप्ताह न्यूजीलैंड लौटने की तैयारी में था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।