Summer express, अंबाला | अंबाला के टुंडला के पास गोली लगने से गरनाला निवासी युवक गुरप्रीत सिंह की मौत के मामले में हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार सुबह मंत्री अनिल विज छावनी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही एसपी से फोन पर बातचीत कर आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश जारी किए।
पत्रकारों से बातचीत में विज ने बताया कि घटना के समय गौ-तस्कर मवेशियों को लेकर जा रहे थे और सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें उनका पीछा कर रही थीं। इसी दौरान आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में गुरप्रीत सिंह को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि गोली किसकी ओर से चली थी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।