सारण | राज्य में सख्त शराबबंदी कानून के बावजूद शराब की अवैध तस्करी और सेवन के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी के दौरान तीन लोगों को शराब पार्टी करते पकड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार, डीएसपी को मिली गुप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक मकान में छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही वहां मौजूद एक पुलिस पदाधिकारी फरार हो गया, जबकि पीछे के रास्ते से कुछ नर्तकियों को भी मौके से भगा दिया गया।
पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें बरामद की हैं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान शराब पीने की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बता दें कि बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है और राज्य में न शराब बेचना वैध है, न पीना। इसके बावजूद शराब की अवैध गतिविधियां अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।