Summer express,संगरूर। शहर के पटियाला गेट स्थित कृष्णा बस्ती में देर रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवकों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इस हमले में 16 वर्षीय किशोर अर्शदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल संगरूर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक के पिता विक्रम सिंह, जो चिकन की रेहड़ी लगाते हैं, ने बताया कि उनका बेटा शाम को चाय देने के बाद घर लौट गया था। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उसके बेटे पर हमला हुआ है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने अर्शदीप और उसके चचेरे भाई अवनीत सिंह पर तेजधार हथियार से हमला किया है।
परिजनों के अनुसार, गली में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जो अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने अर्शदीप पर किरच से वार कर उसकी हत्या कर दी।
सिविल अस्पताल की डॉक्टर नीतिका ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर हालत में लाया गया था, जिनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे को रेफर किया गया।
डीएसपी संजीव सिंगला ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।