Summer express/बिलासपुर , सुभाष -बिलासपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी का मामला सामने आया है। कांगड़ा का रहने वाला एक व्यक्ति पुलिस, होमगार्ड और वन विभाग में नौकरी लगवाने का झूठा वादा कर कई युवाओं से करीब 10 लाख रुपये ऐंठ चुका था। लंबे समय से चल रही इस धोखाधड़ी से परेशान युवाओं को जब नौकरी न मिलने पर शक हुआ, तो उन्होंने खुद ही आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
युवाओं ने एक नई “डील” का बहाना बनाकर आरोपी को मिलने के लिए बुलाया। तय स्थान पर पहले से मौजूद युवाओं और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही उससे पूछताछ की गई और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि आरोपी भोले-भाले युवाओं को सरकारी नौकरी का लालच देकर उनसे बड़ी रकम वसूलता था। कई पीड़ितों ने पहले ही उसे पैसे दे दिए थे, लेकिन वादे पूरे न होने पर मामला सामने आया। अब इस घटना के बाद पुलिस कार्रवाई की मांग उठ रही है।