धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच इयान बेल ने टीम की तैयारियों को लेकर भरोसा जताया। पत्रकार वार्ता में बेल ने कहा कि टीम का पूरा फोकस अब आईपीएल के बाकी तीन मुकाबलों को जीतने पर है। उन्होंने धर्मशाला के मौसम और यहां की परिस्थितियों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां हमेशा शानदार क्रिकेट देखने को मिलता है। बेल ने कहा कि वह खुद भी यहां खेल चुके हैं और धर्मशाला की विकेट बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छी मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि आईपीएल में दुनिया भर के अनुभवी खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं और ऐसे में हर मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन जरूरी हो जाता है। बेल ने बताया कि टीम यहां की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अभ्यास कर रही है और बल्लेबाजी, गेंदबाजी व फील्डिंग तीनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।इयान बेल ने कहा कि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का अनुभव टीम के लिए बेहद अहम साबित होगा। धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों को मदद करती है और इसका फायदा दिल्ली कैपिटल्स को मिल सकता है। उन्होंने केएल राहुल की भी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि राहुल हर परिस्थिति में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं।