Summer express/पलवल-:पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर ट्रक ड्राइवर को लिफ्ट देने के बहाने बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूंह जिले के फरदड़ी गांव निवासी साद और खेड़ी कंकर निवासी इरसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
होडल थाना प्रभारी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नूंह जिले के रवा गांव निवासी ट्रक चालक मोहम्मद जैद ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 7 मई की रात वह कोसीकलां (उत्तर प्रदेश) से पलवल की ओर ट्रक लेकर आ रहा था। इसी दौरान करमन टोल प्लाजा के पास तीन युवकों ने होडल तक जाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी। इंसानियत के नाते जैद ने तीनों को ट्रक में बैठा लिया।ट्रक में बैठते ही आरोपियों ने चालक पर हमला कर दिया। बदमाशों ने जैद के साथ मारपीट की, जिससे उसकी आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप लगाकर उसे ट्रक के अंदर ही फेंक दिया। आरोपियों ने ट्रक में रखे करीब 20 हजार रुपये भी लूट लिए और ट्रक को नूंह रोड की तरफ ले गए।पुलिस के अनुसार, रास्ते में उंटावड़ के आगे एक होटल पर आरोपी खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान घायल ड्राइवर ने वहां मौजूद लोगों को इशारे से अपनी हालत बताई। होटल कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को नीचे उतारा। मौके का फायदा उठाकर आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए।होडल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एएसआई साहुद अहमद के नेतृत्व में जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।