Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:जिला भर में शुक्रवार सुबह से पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी होने के बाद वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है। धर्मशाला के कोतवाली बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर प्रीमियम पेट्रोल 106.53 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया, जिसमें 2.96 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं सामान्य पेट्रोल 97.05 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जो पहले के मुकाबले 2.90 रुपये महंगा हो गया है।
डीजल की कीमत भी बढ़कर 89.36 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जिसमें 2.73 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।हालांकि रोजाना की तरह लोग पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं, लेकिन कई लोगों को कीमतों में हुई बढ़ोतरी की जानकारी नहीं थी। वाहन चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ते ईंधन के दामों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा और महंगाई में भी इजाफा होगा।निजी वाहन चालक अशोक जरियाल ने बताया कि पहले जिस वाहन का टैंक तीन हजार रुपये में भर जाता था, अब उसके लिए अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं टैक्सी चालक रविंद्र ने कहा कि बढ़ती कीमतों से टैक्सी कारोबार से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि कई युवाओं ने बैंक से ऋण लेकर टैक्सियां खरीदी हैं और ऐसे में लगातार महंगा होता ईंधन उनके व्यवसाय पर भारी पड़ सकता है।