Summer express/धर्मशाला, राहुल चावला :-भरमौर से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने में असफल साबित हो रही है। शनिवार को धर्मशाला में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और सरकार के पास कर्मचारियों, अधिकारियों तथा पेंशनरों को समय पर वेतन और पेंशन देने तक के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसे में विकास के बड़े-बड़े दावे करना केवल जनता को गुमराह करने जैसा है।
डॉ. जनक राज ने आरोप लगाया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं, वहां सरकार भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता को जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सरकार को राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर जनता के हित में कार्य करना चाहिए।उन्होंने पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जानकारी के अनुसार प्रदेश में 128 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। सरकार ने प्रत्येक पंचायत को 25 लाख रुपये देने की घोषणा की है, जिससे लगभग 33 करोड़ रुपये का बजट बनता है। लेकिन वर्तमान आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार इन पंचायतों को घोषित राशि देने में भी सक्षम नजर नहीं आ रही। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा की सरकार बनने पर ही इन पंचायतों को वास्तविक लाभ मिल पाएगा।डॉ. जनक राज ने कहा कि प्रदेश सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर जनता की मूलभूत जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए।