Summer express/पलवल, सुंदर कुंडू -: कृष्णपाल गुज्जर ने रविवार को पलवल जिले के गांव मांदकौल में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने गांव के विकास के लिए सांसद निधि से अतिरिक्त 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। समारोह में होडल विधायक हरिंदर सिंह भाजपा नेता टिपर चंद, भाजपा फरीदाबाद महानगर पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ललित कौशिक एडवोकेट, सरपंच पिंकी ललित कौशिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित भगवान परशुराम भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा लगभग 85 लाख रुपये की लागत से तैयार विभिन्न ग्रामीण रास्तों, 20 लाख रुपये की लागत से बने विलेज नॉलेज सेंटर तथा करीब 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित बघेल धर्मशाला का भी उद्घाटन किया गया। ग्रामीणों ने इन परियोजनाओं को गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि मांदकौल गांव में हुए विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और सामाजिक व शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने भगवान परशुराम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने हमेशा कमजोर, निर्धन और पिछड़े वर्ग के लोगों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ शस्त्र उठाकर समाज को न्याय का संदेश दिया। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि शक्ति का उपयोग सदैव कमजोरों की रक्षा, न्याय दिलाने और समाज में संतुलन बनाए रखने के लिए होना चाहिए। यही संदेश भगवान परशुराम के जीवन से मिलता है और इसी कारण देशभर में लोग उनकी आराधना करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ग्राम पंचायत मांदकौल की ओर से बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण से संबंधित कई मांगें रखी गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के माध्यम से इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में पहले भी करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं और आने वाले समय में भी विकास योजनाओं की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर सवाल पूछा। इस पर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेता हैं और उनके बयानों पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।वहीं कार्यक्रम के संयोजक और सरपंच प्रतिनिधि ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का सहयोग गांव को लगातार मिलता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि गांव की जो नई मांगें रखी गई हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा।