Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:हमीरपुर में नगर निकाय चुनावों को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता आशीष शर्मा ने कांग्रेस पार्टी द्वारा विभिन्न नगर निकायों में जीत के दावों पर कटाक्ष करते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने कई स्थानों पर अपने प्रत्याशी ही मैदान में नहीं उतारे, तो अब जीत का दावा करना पूरी तरह हास्यास्पद है।
हमीरपुर के चमनेड वार्ड में भाजपा प्रत्याशी रोहित शर्मा उर्फ हैप्पी पहलवान के समर्थन में डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान आशीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव परिणामों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम और जिला परिषद चुनावों में भाजपा उम्मीदवार बेहतर प्रदर्शन करेंगे और पार्टी प्रदेशभर में जीत का परचम लहराएगी।आशीष शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाकर सरकार और पार्टी द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के तीनों वार्डों में भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा के 60 सीटें जीतने का दावा भी दोहराया।
वहीं भाजपा प्रत्याशी रोहित शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान वह लगातार लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पानी, नालियों और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान को उनकी प्राथमिकता में रखा जाएगा।रोहित शर्मा ने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई नेता चुनाव जीतने के बाद जनता से दूर हो जाते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।