Summer express, लुधियाना। पंजाब में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने आने वाले सात दिनों तक हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है। सबसे ज्यादा तापमान फरीदकोट में दर्ज किया गया, जहां पारा 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की प्रमुख डॉ. पवनीत किंगरा के अनुसार राज्य में लू का प्रभाव तेज हो चुका है। मंगलवार को बठिंडा, पटियाला, लुधियाना और फरीदकोट समेत कई जिलों में दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। वहीं रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली।
फरीदकोट पंजाब का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस सीजन में पहली बार दिन और रात दोनों का तापमान इतने ऊंचे स्तर पर पहुंचा है।
इसके अलावा बठिंडा में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री, पटियाला में 45.3 डिग्री, लुधियाना में 44.2 डिग्री और अमृतसर में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एसबीएस नगर और गुरदासपुर में तापमान 43 डिग्री, पठानकोट में 42.5 डिग्री तथा होशियारपुर में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 26 मई तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और कई जिलों में हीटवेव से सीवियर हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।
स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि तेज गर्म हवाएं स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं।